Anil Inani became the Municipal Council Chairman, winning by 36 votes.

भाजपा के पक्ष में 36 पार्षदों ने किया मतदान, कांग्रेस प्रत्याशी नगेंद्र सिंह राठौड़ को मिले 24 वोट
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद सभापति पद के लिए सोमवार को हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी अनिल ईनाणी निर्वाचित हुए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी नगेंद्र सिंह राठौड़ को 12 मतों से पराजित किया। मतदान के बाद दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) ने परिणाम घोषित किया।
अनिल ईनाणी को 36 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नगेंद्र सिंह राठौड़ के पक्ष में 24 मत पड़े।
सभापति चुनाव को लेकर सुबह से ही नगर परिषद परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। नगर परिषद के 60 वार्डों के पार्षदों ने सुबह 10 बजे से मतदान किया। भाजपा के 33 पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद बस से सीधे मतदान स्थल पहुंचे। वहीं कांग्रेस के 19 पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के साथ मतदान स्थल पहुंचे। पूर्व सभापति संदीप शर्मा के साथ तीन पार्षद मतदान केंद्र पहुंचे।
मतदान को लेकर नगर परिषद परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान शुरू होने से पहले पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने मतदान स्थल का जायजा लिया। नगर परिषद के मुख्य द्वार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, डीएसपी ब्रजेश सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी रजनीश कुमार, सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह, सीआई तुलसीराम सहित पुलिस का जाब्ता तैनात रहा।
परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। बाद में भाजपा चुनाव कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मना एक दूसरे का मुंह मीठा कराया
नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी ने शहरवासियों और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सभापति चुने जाने के लिए वे सभी का धन्यवाद करते हैं।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों से मिलने वाले सुझावों को प्राथमिकता देते हुए सांसद सीपी जोशी और विधायक के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से चित्तौड़गढ़ शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे। ईनाणी ने अपनी जीत का श्रेय संगठन और पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिया।
यह खबरें भी पढ़ें...
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता






