The moon was not sighted in Chittorgarh, and the Hilal Committee left for Udaipur to confirm.

निंबाहेड़ा और बेगूं में खराब मौसम के बीच अजमेर की तस्दीक के आधार पर गुरुवार से रमज़ान शुरू करने का निर्णय
चित्तौड़गढ़, 18 फरवरी। रमज़ानुल मुबारक के आगमन को लेकर बुधवार शाम जिलेभर में चाँद देखने का विशेष एहतमाम किया गया, लेकिन देर रात तक किसी भी स्थानीय स्तर पर शरई तस्दीक प्राप्त नहीं हो सकी। इससे शहर में रमज़ान की शुरुआत को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।
जिले के निंबाहेड़ा और बेगूं में भी चाँद दिखाई नहीं दिया। दोनों स्थानों पर मस्जिदों और ऊंचे स्थलों से लोगों ने चाँद देखने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस दौरान चित्तौड़गढ़ जिले और आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब रहा। आसमान में घने बादल छाए रहने तथा कई स्थानों पर हल्की बरसात होने के कारण चाँद दिखाई नहीं दे सका। खराब मौसम की वजह से दृश्यता प्रभावित रही और लोगों को चाँद देखने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
हालांकि अजमेर में चाँद दिखाई देने की तस्दीक और तस्वीर सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई। अजमेर से प्राप्त शरई गवाही के आधार पर निंबाहेड़ा और बेगूं के उलेमा, इमाम व जिम्मेदारान ने आपसी मशविरा कर निर्णय लिया कि रमज़ान की शुरुआत गुरुवार से मानी जाएगी और पहला रोज़ा रखा जाएगा।
इसी दौरान रूयते हिलाल कमेटी चित्तौड़गढ़ के सदर मौलाना मोहम्मद जुबैर अशरफी व सदस्यों को उदयपुर जिले के कोटड़ा क्षेत्र में भी चाँद दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना की शरई तस्दीक लेने के लिए कमेटी के प्रतिनिधि उदयपुर रवाना हुए हैं। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि विधिवत पुष्टि के बाद ही शहर में आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
रमज़ानुल मुबारक को मुस्लिम समुदाय में रहमतों, बरकतों और इबादतों का महीना माना जाता है। बुधवार शाम से मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ की तैयारियां शुरू हो गईं। बाजारों में भी रौनक देखने को मिली और लोगों ने सहरी व इफ्तार की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
गुरुवार को पहला रोज़ा रखे जाने की संभावना के बीच मुस्लिम समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है। समुदाय के लोगों ने इस पवित्र माह के आगमन पर अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं की हैं। अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं की हैं।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता









