केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खोर का निधन

SHARE:

Central Cooperative Bank Chairman Laxman Singh Khor passes away

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह खोर (66) का मंगलवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। मंगलवार सुबह जब वे देर तक नहीं उठे तो परिजनों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं दिखी। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

निधन की सूचना मिलते ही विधायक चंद्रभान सिंह आक्या जिला चिकित्सालय पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान भाजपा नेता प्रवीण सिंह, बस्सी मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह खरड़ीबावड़ी, जौहर स्मृति संस्थान के पदाधिकारी एवं राजपूत समाज के अनेक लोग भी चिकित्सालय पहुंचे।

खोर गांव निवासी लक्ष्मण सिंह खोर, सावंत सिंह शक्तावत के पुत्र थे। उनका जन्म 12 मार्च 1959 को हुआ। उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन जमीनी स्तर से शुरू किया। उस समय खोर गांव ग्राम पंचायत घटियावली में आता था, जहां वे वार्ड पंच चुने गए। वार्ड पंच के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने स्थानीय समस्याओं को नजदीक से समझा और जनसेवा के माध्यम से अलग पहचान बनाई।

इसके बाद वे भाजपा की ओर से उसी ग्राम पंचायत से उपसरपंच बने और संगठनात्मक व प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। आगे चलकर उन्होंने जिला परिषद का चुनाव भी लड़ा, हालांकि इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में कार्य जारी रखा और घटियावली ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष बने।

लक्ष्मण सिंह खोर लगातार केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक चुने जाते रहे। सहकारिता क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और अनुभव के चलते उन्हें दो बार बैंक का वाइस चेयरमैन चुना गया। वर्ष 2015 में वे केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन बने और तब से लेकर अपने निधन तक इसी पद पर कार्यरत रहे। उनके कार्यकाल में बैंक से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए गए।

वे विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के करीबी माने जाते थे और राजनीतिक व सहकारिता दोनों क्षेत्रों में उनकी सशक्त पहचान थी। उनके निधन से जिले में शोक की लहर है।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Comment