Review of progress of DMFT works, instructions for early disposal of pending approvals

चित्तौड़गढ़, 30 जनवरी। जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की मैनेजिंग कमेटी की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर एवं डीएमएफटी अध्यक्ष आलोक रंजन की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में डीएमएफटी योजना के अंतर्गत जिले में अब तक स्वीकृत एवं संचालित विकास कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2025-26 में जारी प्रशासनिक स्वीकृतियों (एएस) के विरुद्ध तकनीकी स्वीकृति (टीएस) एवं वित्तीय स्वीकृति (एफएस) की स्थिति पर चर्चा करते हुए लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निकाय, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, श्रम विभाग, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल सहित डीएमएफटी से जुड़े सभी विभागों द्वारा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने निर्देश दिए कि डीएमएफटी योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में तकनीकी अथवा वित्तीय स्वीकृतियां लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने कहा कि डीएमएफटी योजना का मुख्य उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचाएं। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन प्रकरणों में सीसी अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज लंबित हैं, उन्हें शीघ्र प्रस्तुत कर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने डीएमएफटी योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों एवं उनकी वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को डीएमएफटी से जुड़े कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर कोषाधिकारी दिग्विजय सिंह झाला सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह खबरें भी पढ़ें …








