हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस राज्यमंत्री गौतम दक ने किया ध्वजारोहण, 96 प्रतिभाएं हुईं सम्मानित

SHARE:

The 77th Republic Day was celebrated with great enthusiasm. Minister of State Gautam Dak hoisted the flag, and 96 talents were honored.

चित्तौड़गढ़, 27 जनवरी। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री गौतम कुमार दक ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य समारोह में एमबीसी, राजस्थान पुलिस, होमगार्ड तथा विभिन्न विद्यालयों की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। परेड का नेतृत्व अनिल कुमार पांडे ने किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गौतम कुमार दक ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की शक्ति तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों के कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 विज़न एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।


राज्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में जिले को कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। बेरोजगार युवाओं के लिए भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया गया है, किसान सम्मान निधि सहित कृषि एवं सहकारिता को सशक्त किया जा रहा है,  चंबल जल परियोजना से शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित होगी
उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।

समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने माननीय राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया। इस अवसर पर सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर आलोक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 96 अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार, विद्यार्थी एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र समारोह में उच्च प्राथमिक विद्यालयों द्वारा शारीरिक व्यायाम प्रदर्शन, संस्कार स्कूल द्वारा देशभक्ति सामूहिक नृत्य तथा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय स्टेशन द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके पश्चात विभिन्न विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया गया।
झांकी प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग की झांकी को प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय , चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर प्रदर्शनी
राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जिला स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के चित्रों के माध्यम से उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को दर्शाया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे।

समारोह के अंत में राष्ट्रगान के साथ जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर निवर्तमान जिला प्रमुख भूपेंद्र सिंह बडोली, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment