लम्बित मांगों को लेकर आशा सहयोगिनियों का जोरदार प्रदर्शन, मानव शृंखला बना सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन

SHARE:

Asha workers stage a strong protest over pending demands, form a human chain and submit a seven-point memorandum.

चित्तौड़गढ़, 23 जनवरी। राज्य सरकार द्वारा लम्बे समय से लंबित मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से आक्रोशित जिले की आशा सहयोगिनियों ने शुक्रवार को राजस्थान आशा सहयोगिनी यूनियन के बैनर तले जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों आशा सहयोगिनियों ने मानव शृंखला बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया तथा मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।

यूनियन अध्यक्ष चंदा सुखवाल ने बताया कि विगत बजट में आशा सहयोगिनियों के लिए कोई भी ठोस घोषणा नहीं की गई, जिससे फील्ड में कार्यरत लाखों आशा वर्कर्स में भारी निराशा है। उन्होंने कहा कि आशा सहयोगिनियां वर्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, इसके बावजूद सरकार द्वारा उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आज तक आशा वर्कर्स को न तो मजदूर का दर्जा मिला है और न ही कर्मचारी का, जिससे उनका सामाजिक और आर्थिक भविष्य असुरक्षित बना हुआ है। इसी के विरोध में जिला स्तर की आशा सहयोगिनियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी मांगों को मजबूती से उठाया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से स्थायी कर्मचारी बनाए जाने तक न्यूनतम मासिक वेतन 26 हजार रुपये निर्धारित करने, सेवानिवृत्ति पर 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने, ऑनलाइन कार्यों के लिए मोबाइल व डाटा सुविधा उपलब्ध कराने, आयुष्मान व आभा आईडी के लिए अलग ऑपरेटर नियुक्त करने, आशा की ड्यूटी का समय तय करने एवं बैठने के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने, आशा सहयोगिनियों से केवल निर्धारित कार्य ही कराए जाने तथा ऑनलाइन कार्यों के लिए अलग से प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) देने की मांग की गई।

इस मौके पर एटक से प्रभात सिन्हा, नागेश तेली, राजमल शर्मा, डॉ. ओपी भण्डारी, महिला प्रगतिशील फेडरेशन की जिलाध्यक्ष कॉ. राधा भण्डारी, सीटू जिला महामंत्री आरके सिंह, जिला उपाध्यक्ष कॉ. रतनलाल शर्मा, सीटू उदयपुर के अजा-जजा जिलाध्यक्ष कॉ. हीरालाल सालवी सहित यूनियन अध्यक्ष चंदा सुखवाल, महामंत्री राधा जोशी, तब्बसुम खान, चित्रलेखा, भगवती गुर्जर, अन्नपूर्णा, दुर्गा पारीक, इंदिरा सेन, मंजु जैन, मधु वैष्णव, पुष्पा गुर्जर, कमलेश पाराशर, राजीविका जिलाध्यक्ष कैलाश कंवर सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment