अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण के खिलाफ की कार्रवाई

SHARE:

अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण के खिलाफ की कार्रवाई

चित्तौड़गढ़। नगर परिषद के अतिक्रमण दस्ते ने शहर के निंबाहेड़ा मार्ग पर अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई बुधवार दोपहर नगर परिषद आयुक्त कृष्ण गोपाल श्रीमाली के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ता प्रभारी कमलेंद्र प्रताप सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार निंबाहेड़ा रोड पर कार बाजार एवं कार डेकोर से जुड़े दुकानदारों द्वारा अपनी निर्धारित सीमा से बाहर आकर डिवाइडर और नाले के ऊपर स्थायी अतिक्रमण कर लिया गया था। दुकानों के सामने टीन शेड लगाकर अवैध कब्जा किया गया था, वहीं नाले पर लोहे के पाइप लगाकर बड़े-बड़े विज्ञापन होर्डिंग्स लगाए गए थे।

इसके अलावा सड़क के डिवाइडर पर भी अवैध रूप से होर्डिंग्स लगाकर विज्ञापन किया जा रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार नगर परिषद को मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण दस्ते ने कटर की सहायता से लोहे के पाइप और बड़े होर्डिंग्स हटवाए। नाले पर किए गए स्थायी अतिक्रमण को भी हटाकर अवैध होर्डिंग्स एवं विज्ञापन सामग्री जब्त कर नगर परिषद कार्यालय लाया गया।

साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सूरज घावरी सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं में बाधा डालने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें