7 दिसंबर को कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पदभार ग्रहण करेंगे।


चित्तौड़गढ़ 4 दिसंबर। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने शहर के एक रिसोर्ट में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और कांग्रेस आने वाले समय में संगठन को नई ऊर्जा के साथ विस्तार देगी।
सिसोदिया ने बताया कि आगामी 7 दिसंबर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव एवं संभाग प्रभारी ऋतिक मकवाना, पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, रामलाल जाट, अशोक चांदना, अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चौपदार, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी सहित जिले के सभी वरिष्ठ नेता, एआईसीसी-पीसीसी सदस्य, ब्लॉक पदाधिकारी, अग्रिम संगठन, प्रकोष्ठ, निकाय एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने 14 दिसंबर को दिल्ली में एसआईआर पर होने वाली बड़ी महारैली को लेकर भी पांचों विधानसभा क्षेत्रों से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाने की कार्ययोजना साझा की।
प्रेस वार्ता में “वोट चोरी” के मुद्दे पर सिसोदिया ने कहा कि यह आज देश का अहम लोकतांत्रिक संकट है। भाजपा द्वारा फर्जी वोट जोड़कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी इस मुद्दे को मजबूती से उठा रहे हैं। कांग्रेस ने देशभर में 52,000 नियुक्तियाँ की हैं, जो फर्जी वोटरों की पहचान और सत्यापन का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जिला अध्यक्ष की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। संगठन में सभी की राय लेकर निर्णय होंगे, और जो कार्यकर्ता धरातल पर काम करेगा, वही आगे बढ़ेगा। कांग्रेस युवाओं को प्राथमिकता देगी और आने वाले पंचायत एवं निकाय चुनावों में मजबूत दावेदारी बनाकर कार्यकर्ताओं के सहयोग से विजय हासिल करने का लक्ष्य रखा जाएगा।
गुटबाजी पर बोलते हुए सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कोई विभाजन नहीं है। उन्होंने कहा कि जो नेता अपने आपको सबसे ऊपर समझते हैं, ऐसे लोगों को दरकिनार कर संगठन को मजबूत किया जाएगा। पार्टी में भरोसेमंद और ईमानदारी से काम करने वाले लोगों को ही आगामी चुनाव में टिकट मिलेगा।
चित्तौड़गढ़ में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सिसोदिया ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहर और जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो चुकी है। हाल ही में कोरियर व्यवसायी और भाजपा नेता रमेश ईनाणी की हत्या ने कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। पुलिस ने भले ही आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन हत्या के पीछे की ठोस वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले फल व्यवसायी कन्हैयालाल खटीक से फिरौती की मांग का मामला सामने आया, जिसमें अब तक पुलिस की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वर्ष जून में बजरी माफिया द्वारा अजय राज की हत्या भी जिला प्रशासन की विफलता को दर्शाती है। इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, बड़ी सादड़ी से प्रत्याशी रहे बद्रीलाल जाट जगपुरा, जिला महामंत्री अहसान पठान, निर्मल जैन, अनिल शेट्टी, जिला सचिव दिनेश गुर्जर सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे। युवा प्रदेश सचिव चक्षु शर्मा, एससी प्रदेश सचिव अजय लोठ, शिल्पन साहू और गोटू अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता









