झाड़ियों में मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका गहराई

SHARE:

चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को रेलवे पुलिया के नीचे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार गंगरार क्षेत्र के भाटखेड़ा निवासी लालानाथ पिता मांगूनाथ बुधवार को अपनी मां को चंदेरिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था, जिसके बाद से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज में वह देर रात नेहरू गार्डन के बाहर मोपेड पर जाता दिखा, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

 

गुरुवार दोपहर ग्रामीणों को रेलवे पुलिया के नीचे सुनसान जगह पर युवक की मोपेड खड़ी मिली। शक के आधार पर पास की झाड़ियों की तलाशी ली गई तो अंदर युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक विनय पाठक मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

 

शव के गले में फंदा लगा होने और चेहरे पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शव को जिला चिकित्सालय भेजकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का मोबाइल और गले में पहना मांदल्या गायब है, जिससे लूट की संभावना भी सामने आ रही है। पुलिस विभिन्न एंगल से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें