नाबालिग से दुष्कर्म व मारपीट का आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

चित्तौड़गढ़। निम्बाहेड़ा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म, मारपीट और धमकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी सोहेल अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

 

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 25 जुलाई को पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली निम्बाहेड़ा में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, साकरिया निवासी सोहेल अली पुत्र साबिर अली (उम्र 24 वर्ष) से पीड़िता की इंस्टाग्राम पर दो वर्ष पूर्व पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी बार-बार मैसेज कर परेशान करता रहा। मना करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता और फोटो वायरल करने की धमकी देता था।

 

पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि 25 जुलाई को वह अपनी मां के साथ इंदिरा कॉलोनी चौराहे पर मेले में सामान लेने गई थी, जहां आरोपी सोहेल ने उसे जबरन पकड़कर मेले से बाहर खींच लिया। उसने पीड़िता के साथ मारपीट की, मोबाइल तोड़ दिया और अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।

 

रिपोर्ट पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से भी मारपीट के चार प्रकरण दर्ज हैं।

 

एएसपी सरिता सिंह व डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में अनुसंधान जारी है। आरोपी को पोक्सो एक्ट और जेजे एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन की पुलिस रिमांड स्वीकृत की गई है। मामले में गहन पूछताछ जारी है।

यह खबरें भी पढ़ें…

 

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें