असुरक्षित भवनों को चिन्हित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें प्रभारी सचिव

SHARE:

चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के उद्योग विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव आलोक गुप्ता ने शनिवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए। उन्होंने फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विभागवार गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता से पूर्ण करें।

उन्होंने कहा कि बजट घोषणाएं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में हैं, जिनका धरातल पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। अधिकारी योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन प्रारंभ करें और समयसीमा में पूर्ण करें।

‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को लक्ष्य के अनुसार सफल बनाएं

प्रभारी सचिव गुप्ता ने बताया कि ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत वन महोत्सव के दौरान चित्तौड़गढ़ जिले को 6 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पूर्व वर्ष के पौधारोपण में 70 प्रतिशत पौधों के जीवित रहने को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस बार भी लगाए गए सभी पौधों की देखभाल व सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित विभाग उठाएं। साथ ही पौधारोपण की जियो टैगिंग ‘हरियालो राजस्थान’ मोबाइल ऐप के माध्यम से सुनिश्चित की जाए।

असुरक्षित भवनों का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करें 

गुप्ता ने हाल ही में झालावाड़ जिले के विद्यालय भवन में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना का हवाला देते हुए जिले के सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, अस्पतालों एवं अन्य राजकीय भवनों की समग्र सुरक्षा समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जर्जर भवनों में किसी भी सूरत में बच्चों या आमजन को न बिठाया जाए। शिक्षा विभाग के निर्देशों की पूर्ण पालना की जाए तथा जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजे जाएं। उन्होंने जल संसाधन विभाग को बांधों के रिसाव एवं वर्षाकालीन स्थितियों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि मीडिया में प्रकाशित समस्यात्मक समाचारों पर त्वरित संज्ञान लिया जाए तथा वास्तविक स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि कोई समाचार भ्रामक है तो उसका फैक्चुअल खंडन भी समय पर किया जाए।

राजस्थान संपर्क पोर्टल की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करें

उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। कोई भी प्रकरण लंबित न रहे, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने जिले में फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की प्रस्तुति दी और सभी निर्देशों की पालना का आश्वासन दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, एडीएम भू-अभिलेख रामचंद्र खटीक, एडीएम रावतभाटा विनोद मल्होत्रा, उपवन संरक्षक राहुल झांझरिया सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जर्जर भवनों के निरीक्षण के निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा राज्य के जर्जर व असुरक्षित भवनों की मरम्मत को लेकर लिए गए संवेदनशील निर्णय की अनुपालना में जिले में जिला कलेक्टर आलोक रंजन के निर्देशन में सघन निरीक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने समस्त उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित सभी भवनों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान जो भवन असुरक्षित अथवा अत्यधिक जर्जर पाए गए हैं, उनके उपयोग पर तत्काल रोक लगाई गई है और संबंधित संस्था प्रमुखों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे ऐसे भवनों में विद्यार्थियों, स्टाफ अथवा आमजन को न बैठाएं। जिला कलक्टर आलोक रंजन, उपखंड अधिकारियों एवं अन्य जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने विद्यालयों, छात्रावासों आंगनवाड़ी केंद्रों एवं अन्य सरकारी कार्यालयों का सघन निरीक्षण किया।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें