पंचायत चुनाव परिणामों के बाद चित्तौड़गढ़ में गरमाई सियासत, मानपुरा और अरनियापंथ के चुनाव निरस्त करने की मांग

SHARE:

Politics heats up in Chittorgarh after Panchayat election results, demand for cancellation of Manpura and Arniyapanth elections

कलेक्ट्रेट पर सैकड़ों ग्रामीणों और पराजित प्रत्याशियों का प्रदर्शन, मानव श्रृंखला बनाकर जताया विरोध; मतदान एवं मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाकर निष्पक्ष जांच की मांग

चित्तौड़गढ़। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव परिणामों से असंतुष्ट प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की मानपुरा और अरनियापंथ ग्राम पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीण एवं चुनाव में पराजित प्रत्याशी जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोनों ग्राम पंचायतों के चुनाव निरस्त कर दोबारा मतदान कराने की मांग उठाई।

मतदान और मतगणना में गड़बड़ी के लगाए आरोप

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरपंच पद के चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया और मतपत्रों की गिनती में गंभीर अनियमितताएं एवं कथित हेरफेर किया गया। उनका कहना है कि प्रशासन और मतदान प्रक्रिया में शामिल कुछ लोगों की कथित मिलीभगत से चुनाव परिणाम प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शुरुआती रुझानों और उनके अनुमान के विपरीत मतगणना के अंतिम परिणाम सामने आए, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं।

कलेक्ट्रेट पर बनाई मानव श्रृंखला

चुनाव परिणामों से नाराज ग्रामीण और प्रत्याशी हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाई और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही मानपुरा और अरनियापंथ ग्राम पंचायतों के विवादित चुनाव निरस्त कर पुनः मतदान करवाने की मांग रखी।

अन्य गांवों में भी चुनाव परिणामों को लेकर असंतोष

गौरतलब है कि जिले में पंचायती राज चुनाव के परिणाम आने के बाद कई ग्रामीण क्षेत्रों में असंतोष और विवाद की स्थिति सामने आई है। इससे पहले नेतावल गढ़ पाछली सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतगणना के दौरान एवं परिणाम घोषित होने के बाद विवाद, पथराव और विरोध-प्रदर्शन की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में चुनाव परिणामों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती नाराजगी प्रशासन के लिए चुनौती बनती दिखाई दे रही है।

अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायतों और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों पर जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग क्या कदम उठाते हैं।

यह खबरें भी पढ़ें…

Leave a Comment