चारभुजा मंदिर में चोरी, चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए बदमाश; CCTV में कैद हुई वारदात

SHARE:

गांधीनगर सेक्टर-5 स्थित श्री कुमावत चारभुजा छात्रावास के मंदिर को बनाया निशाना, करीब सवा किलो चांदी के आभूषण चोरी, अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए

चित्तौड़गढ़। शहर में मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने गांधीनगर सेक्टर-5 स्थित श्री कुमावत चारभुजा छात्रावास परिसर के मंदिर को निशाना बनाया। बदमाश देर रात मंदिर के ताले और गर्भगृह का दरवाजा तोड़कर भगवान चारभुजा के चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी हुए चांदी के आभूषणों का वजन करीब सवा किलो और अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब 5:25 बजे संस्थान के सदस्य मनोहर कुमावत ने फोन पर संस्थान के सचिव शंकरलाल कुमावत को दी। सूचना मिलते ही संस्थान के पदाधिकारी और आसपास के लोग मंदिर पहुंचे। वहां मंदिर के दोनों मुख्य गेट के ताले टूटे हुए मिले और भगवान के आभूषण गायब थे।

दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात करीब 1:57 बजे एक बदमाश औजार लेकर मंदिर के पास पहुंचा। उसने पहले स्टील के गेट का ताला काटने और गेट तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद वह सड़क की दूसरी तरफ गया और कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति के साथ वापस लौटा। दोनों ने मिलकर गर्भगृह का दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया और मंदिर के अंदर प्रवेश कर भगवान के आभूषण उतारकर फरार हो गए।

ये चांदी के आभूषण हुए चोरी

चोर भगवान चारभुजा का चांदी का छत्र, मुकुट, कुंडल, दोनों हाथों के फूल, शंख, गदा, पैरों की जूतियां, लड्डू गोपाल के कुंडल, छोटा मुकुट, चांदी के कड़े सहित अन्य आभूषण ले गए। संस्थान के पदाधिकारियों के अनुसार इनका कुल वजन करीब सवा किलो है।

कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। श्री कुमावत विकास एवं सेवा संस्थान के सचिव शंकरलाल कुमावत की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है।

मंदिर में भगवान के चांदी के आभूषण चोरी होने की घटना से समाज के लोगों में नाराजगी और चिंता है। इस वारदात ने शहर के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह खबरें भी पढ़ें…

 

Leave a Comment