Chairman Anil Inani reviewed the construction, electricity and sanitation arrangements.

चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में निर्माण, विद्युत एवं सफाई व्यवस्था को लेकर बुधवार को सभापति अनिल ईनाणी ने समीक्षा बैठक ली। सांसद सीपी जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर परिषद के एक्सईएन जितेंद्र मीणा ने बताया कि सभापति अनिल ईनाणी ने तकनीकी अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा समय-समय पर मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सभापति ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में आगामी दिनों में पाइपलाइन से संबंधित कार्य पूर्ण हो जाएंगे, वहां सड़क निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि पाइपलाइन कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों का निर्माण कराया जा सके।
दीपावली से पहले विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
इसके बाद विद्युत अनुभाग की बैठक लेकर सभापति ने शहर में दीपावली से पूर्व आवश्यक विद्युत मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने फेज वायर और टाइमर की मरम्मत कर निर्धारित समय पर रोड लाइट चालू एवं बंद होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए, जहां दिन के समय रोड लाइट चालू रहती है। इन स्थानों पर फेज वायर स्थापित कर रोड लाइटों को टाइमर से जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि बिजली की अनावश्यक खपत को रोका जा सके।
सफाई व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश
बैठक के अंत में सभापति ने शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं जमादारों के साथ बैठक की। उन्होंने नियमित सफाई कार्य समय पर पूरा करने और कचरा स्थलों से समय पर कचरा उठाने के निर्देश दिए।
सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों को प्रतिदिन फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने तथा शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, पार्षद शैलेन्द्र झंवर सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता







