PHP_INJECT_OKPHP_INJECT_OKPHP_INJECT_OKPHP_INJECT_OKPHP_INJECT_OK कांटों भरा ताज पहनकर संभाली नगर परिषद की कमान, अब 5 साल में वादों को पूरा करने की चुनौती - Chittorgarh News

कांटों भरा ताज पहनकर संभाली नगर परिषद की कमान, अब 5 साल में वादों को पूरा करने की चुनौती

SHARE:

Wearing a crown of thorns, he assumed the reins of the city council, now facing the challenge of fulfilling promises in five years.
 चित्तौड़गढ़। नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में नए बोर्ड की जिम्मेदारी शुरू हो गई है। भाजपा के अनिल ईनाणी सभापति और सुदर्शन रामपुरिया उपसभापति निर्वाचित हुए हैं। दोनों ने बुधवार को नगर परिषद कार्यालय में विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण कर लिया। वहीं शाम 5 बजे भारत बाग में पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
60 वार्डों वाली नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बना है। भाजपा के 33 पार्षद, कांग्रेस के 23 पार्षद और 4 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में शहर की जनता ने अगले पांच वर्षों के लिए नगर परिषद की कमान भाजपा के हाथों में सौंपी है।
लेकिन चुनाव जीतने के साथ ही अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी शुरू होती है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों और शहर के विकास को लेकर कई वादे किए थे। कहीं घोषणा-पत्र सामने आया तो कहीं प्रत्याशियों ने जनता के बीच स्थानीय समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
अब जनता की नजर इस बात पर होगी कि चुनाव के दौरान किए गए वादे कितने समय में जमीन पर उतरते हैं।
शहर की बड़ी चुनौतियां
चित्तौड़गढ़ शहर के सामने कई वर्षों से चली आ रही समस्याएं नए बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती रहेंगी। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ जलभराव, नालियों, सड़कों, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और अवैध निर्माण जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान करना होगा।
बरसात में जलभराव शहर के कई हिस्सों के लिए बड़ी समस्या है। वार्ड नंबर 23 में खदान क्षेत्र से आने वाले पानी के घरों में घुसने की समस्या का समाधान भी नगर परिषद के सामने महत्वपूर्ण चुनौती है।
शहर के पुराने और भीतरी हिस्सों की संकरी गलियों में नालियों, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को बेहतर करना होगा। चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन, चंदेरिया रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख बाजारों के आसपास भी यातायात, सफाई और आधारभूत सुविधाओं पर ध्यान देने की जरूरत है।
 चंदेरिया के 11 वार्ड भी बड़ी परीक्षा
नगर परिषद क्षेत्र में चंदेरिया के 11 वार्डों से 8 भाजपा के पार्षद निर्वाचित होकर आए हैं। इन क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था, नालियों, गंदगी, धूल, सड़क और अतिक्रमण जैसी समस्याओं को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं।
ऐसे में चंदेरिया की तस्वीर बदलना नए बोर्ड की महत्वपूर्ण परीक्षा होगी। जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाला बदलाव चाहती है।
 अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर क्या होगा रुख?
शहर में अतिक्रमण और बिना स्वीकृति निर्माण को लेकर भी नगर परिषद की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। नए बोर्ड के सामने चुनौती होगी कि नियमों का पालन समान रूप से कराया जाए और अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई हो।
साथ ही शहर के विकास में पारदर्शिता बनाए रखना भी जरूरी होगा। भूमि, कॉलोनियों और निर्माण संबंधी मामलों में नियमों के अनुरूप प्रक्रिया और पारदर्शिता जनता के विश्वास के लिए अहम होगी।
 बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट से सफाई तक—छोटी समस्याएं, बड़ा असर
कई वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करना, नई लाइटें लगाना, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना, नालियों की सफाई और सड़कों की स्थिति सुधारना ऐसे काम हैं जिनका सीधा असर आम नागरिक के दैनिक जीवन पर पड़ता है।
शहर की गलियों और मुख्य सड़कों पर नियमित सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और बरसाती नालों की समय पर सफाई नए बोर्ड के शुरुआती कामों में शामिल होनी चाहिए।
 सभापति के सामने अपने वार्ड का भी वादा
सभापति अनिल ईनाणी स्वयं वार्ड नंबर 15 से पार्षद निर्वाचित हुए हैं। चुनाव के दौरान उन्होंने अपने वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने का वादा किया है। अब उनके सामने दोहरी जिम्मेदारी है—एक तरफ पूरे नगर परिषद क्षेत्र के 60 वार्डों की जिम्मेदारी और दूसरी तरफ अपने वार्ड की जनता से किए वादों को पूरा करने की चुनौती।
 60 वार्ड, हजारों उम्मीदें
अब नगर परिषद का नेतृत्व केवल एक वार्ड या किसी एक क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे 60 वार्डों का प्रतिनिधित्व करेगा। भाजपा के 33 पार्षदों के साथ बोर्ड के पास बहुमत है, लेकिन जनता के लिए असली सवाल बहुमत का नहीं बल्कि काम की गति, पारदर्शिता और परिणाम का होगा।
सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने आज पदभार संभाल लिया है। इसके साथ ही उनके पांच साल के कार्यकाल की शुरुआत हो गई है।
 यह ताज जितना सम्मान का है, उतना ही जिम्मेदारी और चुनौतियों से भरा हुआ भी
अब शहर की जनता की नजर नगर परिषद पर होगी—क्या चुनाव के दौरान किए गए वादे धरातल पर उतरेंगे? क्या चित्तौड़गढ़ स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनेगा? क्या जलभराव, सड़क, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अतिक्रमण जैसी पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा?
यह खबरें भी पढ़ें…
Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *