Life convict who escaped from open prison found after 2 hours; police sent him back to jail.

चित्तौड़गढ़, 18 जून। जिला कारागृह के अधीन संचालित खुले बंदी शिविर से फरार हुआ हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा बंदी महज दो घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बंदी की पहचान राशमी थाना क्षेत्र के करजिया निवासी रतनलाल पुत्र उंकारलाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 16 जून की शाम नियमित गिनती के दौरान बंदियों की संख्या कम पाई गई। दोबारा गिनती और पहचान सत्यापन के बाद रतनलाल के शिविर से गायब होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जेल प्रशासन ने कोतवाली थाना पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज कराया।
रतनलाल को वर्ष 2018 के हत्या प्रकरण में दोषी ठहराते हुए 8 अक्टूबर 2025 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह खुले बंदी शिविर में रहकर सजा भुगत रहा था।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के करीब दो घंटे बाद ही रतनलाल कपासन चौराहे पर बस का इंतजार करता मिला। गश्त के दौरान पुलिस ने पूछताछ की तो उसकी पहचान फरार बंदी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वापस जेल भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और मजदूरी का कार्य करता है।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता







