The national bird peacock was successfully rescued from a 40-foot deep well after an hours-long operation.

पारलिया (चित्तौड़गढ़), 14 जून। परलिया गांव में रविवार को एक राष्ट्रीय पक्षी मोर के गहरे खुले कुएं में गिर जाने से हड़कंप मच गया। करीब 40 फीट गहरे कुएं में गिरने के बाद मोर की जान खतरे में पड़ गई। सूचना मिलने पर वन विभाग एवं चित्तौड़गढ़ वाइल्डलाइफ एंड एनवायरनमेंटल कंजर्वेशन सोसायटी (CWECS) की रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मोर को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने सुबह कुएं से मोर की आवाज सुनकर देखा तो वह पानी और संकरी दीवारों के बीच फंसा हुआ था। मोर लगातार बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था, जिससे उसके घायल होने की आशंका बढ़ रही थी। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद अभियान शुरू किया। कुएं की गहराई और फिसलन भरी दीवारों के कारण रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में CWECS के सदस्य पीयूष कांबले सुरक्षा हार्नेस एवं रस्सियों की सहायता से कुएं में उतरे। काफी सावधानी और धैर्य के साथ उन्होंने डरे हुए मोर को सुरक्षित पकड़ा और ऊपर मौजूद टीम की मदद से बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। जैसे ही मोर सुरक्षित बाहर निकला, लोगों ने तालियां बजाकर टीम का उत्साहवर्धन किया। प्राथमिक जांच में मोर के घायल होने की जानकारी सामने आने पर वन विभाग की टीम उसे तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्सालय लेकर रवाना हुई, जहां उसका इलाज एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
वन्यजीव प्रेमियों ने इस सफल रेस्क्यू अभियान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पक्षी सहित सभी वन्यजीवों का संरक्षण समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। समय पर सूचना और टीम के साहसिक प्रयासों से एक बेशकीमती वन्यजीव का जीवन बचाया जा सका।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता








