बार-बार बिजली कटौती से नाराज लोगों का जेईएन कार्यालय पर हंगामा, कार्यालय पर ताला लगाने की दी चेतावनी

SHARE:

Angry over frequent power cuts, people created ruckus at JEN office, threatened to lock the office.

चित्तौड़गढ़। शहर के प्रताप नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों का शुक्रवार देर रात गुस्सा फूट पड़ा। प्रताप नगर स्थित नेहरू पार्क के सामने आरएसीबी कार्यालय पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्यालय पर ताला लगाने तक की चेतावनी दे दी।

आरएसीबी कुम्भानगर कार्यालय के बाहर हंगामा करते क्षेत्रवासी।

 

जानकारी के अनुसार कुम्भा नगर, प्रताप नगर, सब्जी मंडी, हाउसिंग बोर्ड सहित आसपास की कॉलोनियों के लोग रात करीब 11 बजे आरएसीबी कार्यालय पहुंचे। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आए दिन बिजली गुल हो जाती है और कई बार आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है तथा विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि शुक्रवार रात भी करीब दो से ढाई घंटे तक बिजली बंद रही, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से नाराज लोग आरएसीबी कार्यालय पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया।

वहीं आरएसीबी के एक्सईएन विमल सिंह ने बताया कि शहर के डाइट रोड स्थित एक डीपी के नीचे कचरा जलाने से ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और आग पर काबू पाया गया। इसके बाद डीपी की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया, जिसमें स्वाभाविक रूप से समय लगता है।

शुक्रवार रात को डाइट रोड पर जला ट्रांसफार्मर।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में गर्मी के मौसम में बिजली की मांग काफी बढ़ गई है। कई उपभोक्ताओं ने अपने घरों में दो से तीन एयर कंडीशनर लगा रखे हैं, लेकिन उन्होंने बिजली कनेक्शन का लोड नहीं बढ़वाया है। सिंगल फेस कनेक्शन पर अधिक भार पड़ने से डीपी में लगे फ्यूज उड़ जाते हैं और तकनीकी खराबियां उत्पन्न हो जाती हैं।

एक्सईएन ने कहा कि किसी भी खराबी की सूचना मिलने के बाद टीम को संबंधित स्थान तक पहुंचने में 15 से 20 मिनट का समय लग जाता है, जबकि मरम्मत और फ्यूज बदलने की प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगता है। उन्होंने आमजन से संयम बनाए रखने और विभाग का सहयोग करने की अपील की।
बाद में बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और सभी क्षेत्रवासी अपने-अपने घरों को लौट गए।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment