जेके सीमेंट ने पर्यावरण सुरक्षा सप्ताह का किया शुभारंभ, रैली व विभिन्न प्रतियोगिताओं से दिया संरक्षण का संदेश

SHARE:

JK Cement Launches Environment Protection Week, Promotes Conservation Through Rally and Various Competitions

निंबाहेड़ा, 2 जून। जेके सीमेंट द्वारा आयोजित पर्यावरण सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को यदुपति सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, निंबाहेड़ा में किया गया। सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के तहत युवाओं और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जेके सीमेंट के तकनीकी प्रमुख राजेश सोनी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी की सहभागिता और सकारात्मक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करें तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी देखभाल करें, तो यह पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान होगा।

इसके बाद राजेश सोनी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में संस्थान के प्रशिक्षुओं ने आसपास की कॉलोनियों में जाकर पर्यावरण संरक्षण के संदेश वाले नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में जिला प्रदूषण नियंत्रण विभाग के दीपेश कुमार, अंकित एवं सूर्यकांत सहित जेके सीमेंट के तकनीकी प्रमुख राजेश सोनी, पर्यावरण विभाग के चंद्रकांत तिवारी, रवि पाटीदार, सीएसआर प्रमुख राहुल कुमार तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही। संस्थान के प्राचार्य के.एल. जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का दायित्व नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।

इस दौरान प्रशिक्षुओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित दो प्रभावशाली लघु नाटकों का मंचन किया गया। नाटकों के माध्यम से पेड़ों की कटाई और प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया।

सप्ताह के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग, मॉडल मेकिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट तथा पर्यावरण प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर संस्थान परिसर में पौधारोपण किया गया तथा पक्षियों के लिए परिंदे बांधे गए। साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें