मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं के अभाव पर छात्रों का प्रदर्शन, पानी-भोजन सहित कई समस्याओं को लेकर रोष

SHARE:

पीने के पानी को तरस रहे छात्र छात्राएं,तो कैसे बनेंगे डॉक्टर्स

Students protest against lack of facilities in medical college, complain about several problems including water and food.

चित्तौड़गढ़, 23 अप्रैल। जिला मुख्यालय के समीप स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर गुरुवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और प्रशासन के ढुलमुल रवैये से नाराज मेडिकल छात्रों ने कॉलेज परिसर में कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बीच कॉलेज और हॉस्टल में पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है। पिछले लंबे समय से छात्रों को पीने और नहाने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कई विद्यार्थियों को पानी की कमी के बीच ही परीक्षाओं और कक्षाओं में जाना पड़ रहा है।

छात्रों ने मेस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि लंबे समय तक मेस बंद रहने और भोजन की गुणवत्ता खराब होने से उन्हें बाहर भोजन करना पड़ा, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ा। शिकायतों के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ। हालांकि धरना प्रदर्शन के कुछ घंटे बाद प्रशासन ने मेस दोबारा शुरू करवा दिया।

कॉलेज में सफाई व्यवस्था भी बिगड़ी हुई बताई गई। सफाईकर्मियों की हड़ताल के चलते हॉस्टल, टॉयलेट और कॉमन एरिया में गंदगी पसरी रही, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। वहीं हॉस्टल और कक्षाओं में टेबल-कुर्सी सहित फर्नीचर की कमी से पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

छात्रों ने यह भी कहा कि बड़ा परिसर होने के बावजूद मुख्य द्वार से हॉस्टल तक आने-जाने के लिए ई-रिक्शा या अन्य परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं है। साथ ही खेल मैदान जैसी सुविधाओं का भी अभाव है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी भाग लिया और समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कई आरोपों से इनकार करते हुए कुछ समस्याओं को मामूली बताया, लेकिन जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। कॉलेज प्रिंसिपल ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि पानी की समस्या का निराकरण आगामी 15 दिनों में कर दिया जाएगा।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें