चित्तौड़गढ़ में पहली बार एक साथ मिले इतने अजगर, वन्यजीव प्रेमियों ने चलाया घंटों तक रेस्क्यू अभियान

चित्तौड़गढ़, 16 नवम्बर। शहर के समीपवर्ती ओछड़ी गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक पुराने कुएं में अजगर दिखाई देने की सूचना वन्यजीव प्रेमियों को दी। ग्रामीणों ने शुरुआत में एक ही अजगर होने की आशंका जताई थी, लेकिन मौके पर पहुंची टीम ने जब कुएं में झांका तो सभी हैरान रह गए, कुएं में कुल पांच विशाल अजगर एक साथ मौजूद थे।
यह घटना जिले में पहली बार दर्ज हुई है, जब एक ही स्थान से इतने अजगरों का सामूहिक रेस्क्यू किया गया।
सूचना मिलते ही वन्यजीव प्रेमी मनीष तिवारी ने तुरंत अपनी रेस्क्यू टीम रामकुमार साहू, पीयूष कांबले, मुबारिक खान और चिराग को मौके के लिए रवाना किया। वहीं, पहले से ही उपस्थित भरत मेनारिया और उनकी स्थानीय टीम ने भी पूरा सहयोग प्रदान किया।
टीम ने कुंए की स्थिति का आकलन करने के बाद सावधानीपूर्वक घंटों तक चले अभियान में सभी अजगरों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए सर्प में लगभग 15 फीट लंबी 1 मादा अजगर, लगभग 8 से 9 फिट लंबे 3 नर अजगर और लगभग 5 फीट लंबा 1 नर अजगर शामिल थे।
रेस्क्यू के बाद सभी पांचों अजगरों को समीपवर्ती जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ा गया। ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए रेस्क्यू टीम की सराहना की। टीम ने भी ग्रामीणों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
यह खबरें भी पढ़ें…









