चित्तौडगढ़। जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह को एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हो गया, जिसमें गुजरात निवासी एक दम्पत्ति की मौत हो गई। चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर हाज्या खेड़ी पुलिया के पास खड़े कंटेनर में तेज रफ्तार कार जा घुसी। भदेसर थानाधिकारी धर्मराज मीणा ने बताया कि कार सवार लोग चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में हाज्या खेड़ी पुलिया के समीप यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क पर पहले से खड़े कंटेनर में कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही भदेसर थानाधिकारी धर्मराज मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। 112 टीम ने भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच राहत-बचाव का काम शुरू किया। बड़ी मुश्किल से कार का दरवाजा तोड़कर दोनों मृतकों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को जिला चिकित्सालय के शवगृह में रखवाया गया। पुलिस ने बताया कि मृत युवक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान गुजरात निवासी दिलीप कुमार पागी के रूप में हुई है। उसके पास से महिंद्रा फाइनेंस का आईडी कार्ड मिला है, इसी आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों का पता लगाकर हादसे की सूचना दी। वहीं कार में मृत महिला के पास से भी एक आईडी कार्ड मिला है, जिस पर बामणियां किंजल नाम लिखा हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों के शव का पोस्टमॉर्टम उनके परिजनों की मौजूदगी में ही कराया जाएगा। इसके लिए गुजरात से परिजनों को बुलाया गया है। जैसे ही परिजन चित्तौड़गढ़ पहुंचेंगे, शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इकट्ठा हो गए। लोगों ने बताया कि यहां सड़क पर अक्सर बड़े वाहन खड़े रहते हैं, जिसकी वजह से कई बार हादसे हो चुके हैं।

यह खबरें भी पढ़ें…








