- शाही रथ में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे भोलेनाथ,
- उज्जैन महाकाल की सजीव झाकियाँ होगी आकर्षण
चित्तौड़गढ़। श्री खरडेश्वर महादेव सेवा पूजा संस्थान के बेनर तले सर्व समाज द्वारा खरडेश्वर महादेव की शाही सवारी का भव्य आयोजन 14 अगस्त सोमवार को किया जाएगा।
श्री खरडेश्वर महादेव सेवा पूजा संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक संस्थान अध्यक्ष चांदमल सोनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चित्तौड़गढ़ में प्रथम बार खरडेश्वर महादेव की शाही सवारी के आयोजन की रूप रेखा तय की गई।
संस्थान के सदस्य देवराज साहू ने बताया कि शाही सवारी 14 अगस्त सोमवार को सवा 12 बजे गांधी चैक बड़ा मंदिर से प्रारम्भ हो जो सदर बाजार, गोल प्याऊ, राणा सांगा बाजार होते हुए खरडेश्वर महादेव पहुँचेगी जहाँ महादेव की महाआरती होगी।
शाही सवारी में ये होंगे आकर्षण –
खरडेश्वर महादेव की शाही सवारी में शाही रथ पर भोलेनाथ विराजित होंगे। शाही सवारी में आगे घोड़े, हाथी, ऊँट सुसज्जित होकर चलेंगे वहीं बैण्ड-बाजे भोलेनाथ के भजनों की स्वर लहरियाँ बिखरते चलेंगे। शाही सवारी में उज्जैन महाकाल से आ रही सजीव झाँकियाँ भी आकर्षण का केन्द्र होगी। शाही सवारी में पुरूष सफेद वस्त्र व महिलाएँ लाल चुनर धारण कर साथ-साथ चलेगी। शाही सवारी के स्वागत के लिए जगह-जगह स्वागत द्वार लगाये गये हैं।
गिरीराज धरण के श्रृंगार ने मन मोहा –
खरडेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के शुरूआत होते ही प्रतिदिन अभिषेक व धार्मिक अनुष्ठान जारी है। भोलेनाथ का नित नये दिन आकर्षक रूपों में श्रृंगार किया जा रहा है। शुक्रवार सायं भगवान भोलेनाथ का श्रीनाथ जी के गिरीराज धरण के रूप में श्रृंगार किया गया वहीं लड्डू गोपाल की जल विहार झाँकी सजाई गई।