ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों से आमजन को राहत, मौके पर हो रहा समस्याओं का समाधान

SHARE:

Rural and urban service camps provide relief to the public, solving problems on the spot

आवासीय पट्टे, भूमि बंटवारा और तारबंदी योजना से ग्रामीणों को मिला लाभ

चित्तौड़गढ़, 13 जून। राज्य सरकार की पहल पर जिलेभर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आमजन के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों में वर्षों से लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, वहीं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

जिले के विभिन्न ग्राम पंचायत क्षेत्रों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया। शिविरों में आवासीय पट्टों का वितरण, भूमि संबंधी मामलों का निस्तारण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ और कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को राहत प्रदान की गई।

ग्राम पंचायत ऐराल में आयोजित शिविर के दौरान सोहनलाल भील को उनके पुश्तैनी आवास का पट्टा प्रदान किया गया। पट्टा मिलने से उन्हें संपत्ति का वैध स्वामित्व प्राप्त हुआ, जिससे भविष्य में बैंक ऋण सहित अन्य सुविधाओं का लाभ लेने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ।

इसी प्रकार बेगूं क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपालपुरा में आपसी सहमति से भूमि बंटवारे का मामला निपटाया गया। प्रशासन की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी होने पर दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन का आभार जताया।

भूपालसागर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अनूपपुरा में आयोजित शिविर में छगनलाल जाट को आवासीय पट्टा सौंपा गया। लाभार्थी ने कहा कि पट्टा मिलने से उनके आवासीय अधिकारों को कानूनी मान्यता मिली है।

वहीं भदेसर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खोडिप में पप्पूलाल को तारबंदी योजना का लाभ मिला। उन्होंने अपने खेत की सुरक्षा के लिए 300 मीटर तारबंदी करवाई, जिस पर उन्हें 30 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि इससे अब उनकी फसलें आवारा पशुओं और नीलगायों से सुरक्षित रहेंगी।

15 जून को इन ग्राम पंचायतों में लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर

15 जून को जिले की घटियावली, खारखंदा, उचनार खुर्द, जाषमा, नेवरियां, ईटावा, काटुंदा, जावदा, ढोरिया, बांसी, अरनेड एवं किशनकरेरी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

शहरी क्षेत्रों में भी होंगे सेवा शिविर

राज्य सरकार की जनहितकारी पहल के तहत 15 जून को नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के वार्ड 5, 6, 7 एवं 8 सहित नगर परिषद निम्बाहेड़ा, नगर पालिका बड़ीसादड़ी, रावतभाटा, बेगूं और आकोला के चयनित वार्डों में भी शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों का निस्तारण करेंगे तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे।

यह खबरें भी पढ़ें

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment