डूंगला एवं बोहेड़ा में 24 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य ढांचा,

SHARE:

डूंगला एवं बोहेड़ा में 24 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य ढांचा,
राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने किया भूमि पूजन

चित्तौडगढ़। राज्यपाल गुलाबचन्द कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के विजन के अनुरूप देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। स्वस्थ राजस्थान, समृद्ध भारत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने जिले के डूंगला एवं बोहेड़ा ग्रामों में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों भूमि पूजन कर खेल मैदान, सीसी सड़क एवं अटल पथ का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि आज देश में चिकित्सा सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं, गांव-गांव तक सड़कें और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही हैं, किसानों के खातों में योजनाओं के तहत सीधे पैसे जमा हो रहे हैं और देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। राज्यपाल कटारिया ने कहां कि डूंगला में 16 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक अस्पताल तथा बोहेड़ा में 7 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। इन केंद्रों में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, लैब, दवा वितरण केंद्र और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की संपूर्ण व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने पर आसपास के सैकड़ों गांवों को इन केंद्रों से लाभ मिलेगा। राज्यपाल ने कहा कि कोरोना महामारी के समय से ही सरकार द्वारा प्रत्येक व्यक्ति को 5 किलो गेहूं निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सरकार की जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशील प्रशासन का प्रतीक है। राज्यपाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को घर-आंगन पर ही उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों की सफलता तभी संभव है जब आमजन इनका पूर्ण लाभ लें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने पहले ही बजट में बड़ी सादड़ी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक घोषणाएँ की हैं। उन्होंने कहा कि डूंगला और बड़ी सादड़ी में कॉलेजों की स्थापना, सड़कों का निर्माण, पेयजल योजनाओं का क्रियान्वयन और किसानों के कल्याण हेतु योजनाएँ, मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम हैं। मंत्री दक ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की, जिससे किसान खुशहाली की ओर अग्रसर हैं। कार्यक्रम को कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या तथा बेगूं विधायक डाॅ सुरेश धाकड़ ने भी संबोधित कर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक बताया। भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला कलक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, प्रशिक्षु आईएएस रविंद्र मेघवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, रतनलाल गाडरी, ललित ओस्तवाल, सांवरिया जी मंदिर मंडल अध्यक्ष जानकी दास वैष्णव, जनप्रतिनिधि, सरपंच, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल कटारिया ने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य जनहित में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न किए जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें