चित्तौड़गढ़, 5 अगस्त। रक्षाबंधन का पर्व जैसे-जैसे करीब आ रहा है, चित्तौड़गढ़ शहर पूरी तरह से त्योहार के रंग में रंगता जा रहा है। बाजारों में रौनक देखते ही बन रही है और हर गली-मोहल्ले में उत्सव की खनक महसूस की जा सकती है।

शहर के मुख्य बाजारों में राखियों की दुकानें रंग-बिरंगे काउंटर के साथ सजी हुई हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियाँ तो वहीं बड़ों के लिए मोती, स्टोन, कुंदन और ज़री-ज़रदोज़ी से सजी राखियाँ खूब पसंद की जा रही हैं। इस बार परंपरागत और हैंडमेड राखियों की भी खूब मांग देखी जा रही है।

राखियों के साथ मिठाई बाजार भी पूरे शबाब पर है। मेवाड़ की पारंपरिक मिठाई रबड़ी के घेवर की मांग इस बार भी टॉप पर बनी हुई है। शहर के नामी हलवाई इन दिनों दिन-रात घेवर बनाने में जुटे हुए हैं। खास बात ये है कि ये घेवर स्वाद के साथ-साथ दिखने में भी किसी गहने से कम नहीं लगते।
त्योहार को देखते हुए मिठाई की दुकानों में विशेष सजावट की गई है और देशी घी से बनी मिठाइयों की महक से बाजार महक रहा है। ग्राहक मिठाइयों की वैरायटी से खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीद है क्योंकि लोगों का रुझान पारंपरिक मिठाइयों और राखियों की ओर ज्यादा है।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता







