नगरी गांव के पास बेडच नदी में बहे दो युवकों के शव SDRF टीम ने किया बरामद

SHARE:

चित्तौड़गढ़, 29 जुलाई 2025 | रिपोर्ट: चित्तौड़गढ़ न्यूज़

चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी थाना क्षेत्र के ग्राम नगरी में एक गंभीर हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह घटना 28 जुलाई 2025 को उस समय घटित हुई जब दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर रपट पार कर रहे थे, तभी तेज बहाव के कारण वे बेडच नदी में बह गए।

घटना की सूचना दोपहर 1:20 बजे पुलिस कंट्रोल रूम चित्तौड़गढ़ से राज्य कंट्रोल रूम, जयपुर को दी गई। तत्पश्चात SDRF कमाण्डेन्ट राजेंद्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार, मानसून सत्र 2025 के अंतर्गत आपदा राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF डी कम्पनी उदयपुर की रिजर्व रेस्क्यू टीम डी-05 को तत्काल रवाना किया गया।

रेस्क्यू टीम के प्रभारी हेड कांस्टेबल हाकम खान के नेतृत्व में 9 सदस्यों की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ शाम 4:20 बजे घटनास्थल पर पहुंची। भारी बारिश के कारण क्षेत्र की सभी नदियां और नाले उफान पर थे और रपट पर लगभग 2 से 3 फीट तक पानी बह रहा था, जिससे रेस्क्यू कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया।

पहले दिन अंधेरा हो जाने के कारण सर्च ऑपरेशन शाम 7:30 बजे स्थगित कर दिया गया। लेकिन 29 जुलाई की सुबह 7:40 बजे से पुनः सर्च अभियान शुरू किया गया। अथक प्रयासों के बाद सुबह 9:30 बजे पहला शव और 10:30 बजे दूसरा शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बरामद किया गया।

मृतकों की पहचान हरकेश सिंह (उम्र 30 वर्ष) पुत्र श्री सरदार सिंह तथा सेलू सिंह (उम्र 25 वर्ष) पुत्र श्री पप्पू सिंह, दोनों निवासी ग्राम चंदेरिया, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। SDRF टीम द्वारा शवों को सुरक्षित रूप से निकालकर स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द किया गया।

रेस्क्यू अभियान में SDRF जवानों  धर्मेन्द्र, श्री जब्बर सिंह, अनूप सिंह,  हरिनारायण,  मुकेश कुमार, श्री अनिल कुमार, रामदेव एवं सुनील कुमार ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सिविल डिफेंस टीम ने निभाई अहम भूमिका

सोमवार को नगरी गांव में बेड़च नदी के तेज बहाव में दो युवकों के बह जाने की सूचना मिलते ही, जिला मुख्यालय से सिविल डिफेंस की टीम त्वरित रूप से मौके पर पहुंची।

टीम ने रस्सियों, बोट व अन्य बचाव उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और लगातार प्रयास जारी रखे। SDRF के साथ समन्वय में काम करते हुए सिविल डिफेंस ने ऑपरेशन में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।

रेस्क्यू टीम में शामिल रहे:

राजकुमार भोई,नारायण भोई,रामलाल भोई,रमेश भोई,रतनलाल भोई,हेमंत भोई, भैरूलाल भोई, कैलाश चंद्र वैष्णव, नारायण किर, कन्हैयालाल भोई (स्थानीय गोताखोर), राधेश्याम भोई, भगवती राम भोई, किशन भोई, प्रताप सिंह भी ने सक्रिय योगदान किया। टीम के साहस और तत्परता से रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलता मिली।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें